Pages

Friday, November 12, 2010

सुदर्शन पर संग्राम, कांग्रेसियों की पिटाई

सुदर्शन पर संग्राम, कांग्रेसियों की पिटाई

इंदौर। जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त पूर्व सरसंघचालक सुदर्शन को शुक्रवार को इंदौर में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। प्रदर्शनकारियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। सोनिया गांधी पर सुदर्शन की टिप्पणी से नाराज कार्यकर्ता सुबह से ही प्रदर्शन की टोह में थे। छोटा बांगड़दा स्थित केशव विद्यापीठ के नजदीक हुए इस घटनाक्रम के तत्काल बाद मौके पर पहुंचे संघ कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारी युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा। पुलिस ने भी इन्हें नहीं छोड़ा। संघ कार्यकर्ता भी मुस्तैद नजर आए और सुबह की शाखाओं में भी काफी भीड़ रही।

दोपहर करीब दो बजे युकां कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अगुआई में बड़ा गणपति चौराहे से ही सुदर्शन के काफिले के आगे-पीछे हो लिए थे। करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता दो वाहनों में एरोड्रम मेनरोड से केशव विद्यापीठ जाने वाले रास्ते पर खड़े हो गए। जैसे ही काफिला गुजरा, इन्होंने काले झंडे लहराए और नारेबाजी की।

मारा और कार भी फोड़ दी
घटनास्थल से कुछ ही दूर केशव विद्यापीठ के नजदीक तैनात संघ के कार्यकर्ता यह देख पहुंचे और भागरहे दो युवकों को जमकर धुना। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लाठियों से लैस 8-10 युवकों ने दोनों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा। इन्होंन ने यादव की इंडिका मंजा कार भी फोड़ दी। पुलिस ने आधा दर्जन प्रदर्शनकरियों को मौके से गिरफ्तार किया।

पिटे एरोड्रम क्षेत्र में और रिपोर्ट लिखाने परदेशीपुरा पहुंचे
संघियों की पिटाई से दहशत में आए युवा कांग्रेसी करीब एक घंटे बाद परदेशीपुरा थाने पहुंचे और मारपीट व वाहन में तोड़फोड़ की प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे।

यहां पुलिस ने करीब 25 लोगों को गिरफ्तार कर थाने में धकेला और चैनल गेट लगा दिया। गिरफ्तार लोगों में यादव के साथ ही पार्षद दिलीप सुरागे प्रमुख थे। बाद में प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधायक तुलसी सिलावट तथा पार्टी के अन्य नेता वहां पहुंचे और गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को रिहा करने के साथ ही मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। इन लोगों की पुलिस अफसरों से जमकर बहस भी हुई। बाद में आला अफसरों के हस्तक्षेप के चलते गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को शाम को रिहा कर दिया गया।

कई जगह कड़ा पहरा
गुरूवार शाम शहर में हुए विरोध प्रदर्शन व पथराव की कई घटनाओं के मद्देनजर पुलिस शुक्रवार को सुबह से ही बहुत सतर्क थी। रामबाग स्थित संघ कार्यालय अर्चना और यशवंत रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय गांधी भवन के बाहर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। कांग्रेस व भाजपा के चुनिंदा नेताओं के यहां भी पुलिस तैनात की गई थी। गांधी भवन के बाहर सुबह पुलिस ने राजीव विकास केंद्र के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को सुदर्शन का पुतला जलाने के पहले ही गिरफ्तार कर लिया। इसके पहले पुलिस ने दो पुतले छीन कार्यकर्ताओं को गांधी भवन के भीतर ही कैद कर दिया था। यादव को दिनभर पंढरीनाथ थाने पर रखने के बाद शाम को रिहा कर दिया गया।

कांग्रेसी बोले कार्रवाई करो
इधर सुदर्शन की टिप्पणी और गुरूवार को कांग्रेस नेताओं के निवास तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर हमले की घटना के विरोध में जिला कांग्रेस ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन दिया। शाम को शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन की अगुआई में कांग्रेस एसएसपी डी श्रीनिवास राव से मिलने पहुंचे और दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इन लोगों का कहना था कि सुदर्शन के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

कई कांग्रेसी हैं निशाने पर
गुरूवार को कांग्रेसियों द्वारा गांधी भवन के बाद सुदर्शन का पुतला जलाए जाने के बाद संघ ने कांग्रेस के कई नेताओं को निशाने पर ले लिया है। इनमें युवक कांग्रेस अध्यक्ष पिंटू जोशी तथा देवेंद्र यादव के साथ ही संघ के खिलाफ मुखर रहने वाले केके मिश्रा, अर्चना जायसवाल व प्रमोद टंडन भी शामिल हैं। इन सभी के यहां सुरक्षा प्रबंध और पुख्ता कर दिए गए हंै। अर्चना कार्यालय पर दिनभर संघियों का जमावड़ा रहा और यही से प्रसारित निर्देशों के आधार पर संघ कार्यकर्ताओं का मूवमेंट होता रहा।
--
Mahi

No comments:

Post a Comment