Pages

London Olympic Games 2012

Thursday, August 19, 2010

सोनिया बोलीं, बस खेल खत्म हो जाने दो

सोनिया बोलीं, बस खेल खत्म हो जाने दो 
 

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की तैयारियों में गड़बड़ी को लेकर जारी बवाल के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि भ्रष्टाचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की बैठक में सोनिया ने आज कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। 

सोनिया गांधी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि "कॉमनवेल्थ गेम्स राष्ट्र का गौरव हैं। यह किसी पार्टी या किसी व्यक्ति का निजी खेल नहीं है। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं, कि राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन सफलतापूर्वक हो जाए।" उन्होंने कहा कि "फिलहाल हमारा पूरा ध्यान खेलों के सफल आयोजन पर है। एक बार खेल सफलतापूर्वक खत्म हो जाएं। उसके बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेलों में महाघोटालों का खेल खेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।" 

उल्लेखनीय है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन में भ्रष्टाचार के मामले एक-एक कर सामने आ रहे हैं। स्टेडियम के निर्माण से लेकर खिलाडियों के चयन तक में घोटालों के आरोप लगाए जा रहे हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी सहित कई अधिकारी शक के घेरे में हैं। इस मामले में आयोजन समिति से जुड़े तीन अधिकारियों पर गाज भी गिर चुकी है। 

कलमाड़ी को चेतावनी 

सोनिया ने इस बीच आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को भी कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन को सफल बनाना और उसे भ्रष्टाचार से दूर रखना किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। कॉमनवेल्थ गेम्स को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर कोशिश करनी होगी। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों के दामन को भ्रष्टाचार के दाग से बचाने के लिए भी सभी का प्रयास जरूरी है। गौरतलब है कि कलमाडी ने पिछले दिनों कहा था कि खेलों में भ्रष्टाचार हो रहा है या नहीं उसे देखना उनका काम नहीं है।


--
Mahi

0 comments:

Post a Comment

Republic Day 26th January Greeting Cards

ShareThis